अपना दल कार्यकर्ताओं ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर गुरुवार को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि सुशासन के मुद्दे पर सपा फेल है। अंत में राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि किसान, नौजवान, मजदूर, सपा सरकार में परेशान हैं। आए दिन लूट, हत्या व बलात्कार की घटनाएं हो रही है, जिसे रोकने में सरकार पूरी तरह से नाकाम साबित हुई है। बाढ़ प्रभावित लोगों में सहायता राशि के नाम पर फूटी कौड़ी भी नहीं मिली है। जनपद में बिजली, पानी व चिकित्सा सहित तमाम समस्याओं के प्रति सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है। आलम यह है कि सभी लोग समस्याओं से परेशान हैं। कहा कि किसान, मजदूरों को सरकार मनरेगा के तहत शौचालय व आवास निर्माण की सुविधा दे। इस अवसर पर भरत पटेल, ओमप्रकाश मौर्या, धीरज पटेल, रौशन पटेल, दिनेश केशरी, रौशन, संदीप गोंड आदि उपस्थित रहे। संचालन उदित नारायण ने किया।