पत्रक सौंपती आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ की जिलाध्यक्ष सुषमा मिश्रा।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मानदेय सहित विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को तेवर में दिखीं। इस दौरान सरकार पर कई आरोप लगाए और विरोध में जमकर नारेबाजी की। इतना ही नहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन को भी जमकर खरीखोटी सुनाई। इस दौरान भाजपा पूर्व जिला उपाध्यक्ष शशिशंकर सिंह धरने पर पहुंचे और उनकी मांगों को जायज बताते हुए उसका समर्थन किया। वहीं पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने धरनास्थल पहुंचकर आंगनबाड़ी की समस्याओं को सुनने के साथ मांगों संबंधित पत्रक लिया और शासन स्तर पर उसे निस्तारित कराने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की मांग जायज है। इस पर प्रदेश सरकार अवश्य पहल करेगी। जो भी मांगें उसव्े शासन स्तर पर संज्ञान में लाते हुए पूरा कराने पर प्रयास किया गया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने शिकायत किया कि जिला प्रशासन द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। इस मुद्दे पर पूर्व सांसद रामकिशुन ने डीएम कुमार प्रशांत से वार्ता की। इस अवसर पर राममूरत मेठ, पारस यादव, अमित सिंह, आशुतोष यादव आदि उपस्थित रहे। वहीं दूसरी ओर भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष ने धरने का समर्थन करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के सौतेले व्यवहार के कारण आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को परेशानी के दौर से गुजरना पड़ रहा है। इस अवसर पर शिवराज सिंह, विनोद गुप्ता, आशुतोष अग्रहरि आदि उपस्थित रहे। आांगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने अपनी मांगें पूरी होने तक धरना-प्रदर्शन को जारी रखने का निर्णय लिया। कहा कि कई बार धरना-प्रदर्शन के माध्यम से सरकार को मानदेय सहित अपनी अन्य मांगों से अवगत कराया गया है, लेकिन आश्वासन के सिवाय सरकारों ने अब तक कुछ नहीं किया। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश के बाद ही आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
इस मौके पर संध्या, ममता, रीता, अनिता, प्रतिमा, संगीता, मनोजा, गिरजा आदि उपस्थित रहे। संचालन जिलाध्यक्ष सुषमा मिश्रा ने किया।