शहर के बंशीबाजार स्थित सपा कार्यालय में आयोजित मासिक बैठक में बोलते सदर विधायक जय किशुन साहू। स
समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक बुधवार को शहर के बंशीबाजार स्थित डॉ. लोहिया-मुलायम सिंह यादव भवन में आयोजित हुई। बैठक में नए बूथों पर बूथ कमेटियों के गठन, नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने, दोहरे नाम हटाने तथा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों में संशोधन कराने जैसे संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में पार्टी नेताओं ने अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी की घटना का उल्लेख करते हुए इसकी निंदा की। साथ ही भाजपा सांसद की ओर से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर की गई टिप्पणी और लगाए गए आरोपों की भी आलोचना की। जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी की घटना गंभीर है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सामाजिक न्याय की विरोधी है तथा सरकार गरीबों, पिछड़ों और दलितों के हितों के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के हितों के लिए संघर्ष कर रही है। साथ ही संविधान, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्ष स्वरूप और सामाजिक सद्भाव से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। विधायक जैकिशन साहू ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।