सपा के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया। इस दौरान डाफी टोल प्लाजा पर भारी वाहनों के आवागमन की समस्या, जिले में सिंचाई व्यवस्था तथा घरौनी योजना से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल में सपा सांसद वीरेंद्र सिंह, सपा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव तथा सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर शामिल रहे। नेताओं ने कैंप कार्यालय पहुंचकर चंद्रमोहन गर्ग से मुलाकात की और विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।
सांसद वीरेंद्र सिंह ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि वाराणसी स्थित डाफी टोल प्लाजा को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से रिंग रोड पर गंगा नदी के ऊपर बने पुल पर बैरिकेडिंग लगाकर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के कारण गाजीपुर, मऊ, बलिया, आजमगढ़, गोरखपुर तथा पूर्वांचल के अन्य जनपदों की ओर जाने वाले भारी वाहनों को लगभग 100 किलोमीटर तक अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि धान की नर्सरी तैयार करने का समय शुरू हो चुका है और सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने से किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सांसद ने मांग की कि नहरों की सफाई और आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द पूरा कर पानी छोड़ा जाए ताकि किसान समय पर धान की नर्सरी तैयार कर सकें।
प्रतिनिधिमंडल ने भीषण गर्मी को देखते हुए जंगली एवं घरेलू पशुओं के लिए तालाबों, नहरों तथा अन्य जल स्रोतों में पर्याप्त जल उपलब्ध कराने की भी मांग की।