धानापुर। स्थानीय बस स्टैंड पर दिनदहाड़े बस मालिक राजकुमार उर्फ मुटुन यादव की हुई हत्या के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को रायपुर गांव में मुटुन यादव के घर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल मुटुन के परिवार वालों से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने परिवार वालों को ढाढ़स बंधाया और पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान आरोपियों की मांग की। बताया कि मामले की रिपोर्ट अखिलेश यादव को दी जाएगी।
एक मई को कस्बा स्थित बस स्टैंड पर बदमाशों ने गोली मारकर राजकुमार यादव उर्फ मुटुन की हत्या कर दी थी। अभी तक आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। सपा के प्रतिनिधिमंडल में शामिल विधान परिषद में विपक्ष के नेता लालबिहारी यादव ने बताया कि पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल रायपुर गांव पहुंचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजकुमार की हत्या सुनियोजित साजिश है। उनकी सुरक्षा हटाई गई और सरेआम गोली मार दी गई। सकलडीहा के सपा विधायक प्रभु नारायण यादव ने आरोप लगाया कि शासन, प्रशासन और अपराधियों की गठजोड़ से यह हत्या हुई है। राजकुमार की सुरक्षा क्यों हटाई गई, इसकी जांच होनी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी भी दी है कि हत्या के आरोपी नहीं पकड़े गए तो सड़क से न्यायालय तक की लड़ाई लड़ी जाएगी। इस दौरान सीओ रघुराज के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस और पीएसी तैनात रही। प्रतिनिधिमंडल में चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह, मनोज सिंह काका, जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, अयूब खान गुड्डू, कैलाश यादव, अजीत यादव, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू, रामजन्म यादव आदि शामिल रहे।