केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस तथा सपा को उनकी कारगुजारियां ही भारी पड़ रही हैं। कांग्रेस से गठबंधन करके अखिलेश यादव ने मुलायम की सारी कमाई पर पानी फेर दिया है। वे सैदूपुर स्थित किसान इंटर कालेज के मैदान में भाजपा प्रत्याशी शारदा प्रसाद के समर्थन में हुई सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि खाट सभा के जरिए खाट पकड़ लेने वाले राहुल गांधी अब मुलायम सिंह तथा शिवपाल द्वारा पंचर की गई साइकिल पर सवार हो गए। जनता इस गठबंधन को नकार चुकी है। प्रदेश के दुराचारी मंत्री के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए सुप्रीम कोर्ट को आगे आना पड़ा है। जबकि अखिलेश सरकार उसे बचाने में लगी है। वहीं बसपा का हाथी पीपल का पत्ता की जगह पैसा खाते-खाते बीमार हो गया है। उन्होंने कहा कि सपा- कांग्रेस, बसपा हारी हुई लड़ाई लड़ रहे हैं। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर किसानों का कर्ज माफ होगा। गरीबों को अपनी बेटियों की पढ़ाई एवं शादी की चिंता नहीं करनी होगी।
उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक से देश का मस्तक पूरी दुनिया में ऊंचा हुआ है तथा नोटबंदी से भारत की अर्थ व्यवस्था मजबूत हुई है एवं कालेधन पर शिकंजा कसा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर बाणसागर परियोजना का पानी चकिया तक लाया जायेगा। किसानों का फसली ऋण पूरी तरह माफ कर दिया जायेगा तथा उन्हें शून्य ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जायेगा। कहा कि किसानों को लाभकारी मूल्य देकर उनकी आमदनी को दोगुना करने का काम होगा। केन्द्रीय गृहमंत्री ने कहा कि पुलिस की भर्ती में फिजिकल टेस्ट के आधार पर सीधी भर्ती की जायेगी।
गृहमंत्री ने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश सहित उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर में सरकार बनाने की ओर अग्रसर है।
सभा में प्रत्याशी शारदा प्रसाद, पूर्व विधायक शिव तपस्या पासवान, सुरेन्द्र सिंह, शिवपूजन राम, अजय पांडेय, अनिल तिवारी, शिवेंद्र सिंह, अनिल सिंह, राणा प्रताप सिंह, दर्शना सिंह, मनमोहन चैहान, भगवान दास मौर्या, रामकृत एडवोकेट सहित तमाम भाजपा नेता प्रमुख रूप से मौजूद थे।