नौगढ़। भैसौड़ा बांध स्थित पंप हाउस का मंगलवार को एसडीएम आलोक कुमार ने निरीक्षण किया। कर्मचारी की बजाय उसका पुत्र ड्यूटी करता पाया गया। पुलिस कर्मचारी के पुत्र को पकड़कर थाने ले गई। एसडीएम ने अनुपस्थित दो कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए डीएम को पत्र लिखा है।
नौगढ़ क्षेत्र में पीने के पानी की आपूर्ति बंद होने से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। नौगढ़ क्षेत्र में पानी का भूगर्भ जलस्तर अप्रैल माह की तुलना में काफी नीचे चला गया है। ग्रामीणों की शिकायत पर मंगलवार को एसडीएम आलोक कुमार ने पंप हाउस का निरीक्षण किया। यहां दो कर्मचारी लल्लन और इस्लाम नियुक्त हैं। दोनों गायब थे। पंप हाउस पर इस्लाम का पुत्र आदम ड्यूटी करता हुआ मिला। पता चला कि यहां की मोटर काफी दिनों से जली हुई है। एसडीएम को बस्ती के लोगों ने बताया कि मामले की शिकायत कई बार जल निगम के अधिशासी अभियंता और मुख्यमंत्री पोर्टल पर की जा चुकी है। एसडीएम ने बताया कि दोनों कर्मियों के विरुद्ध नोटिस जारी कर कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा गया है।