मां ने नशे के लिए नहीं दिए रुपये तो बेटे ने मां की हत्या की
नशे की लत पूरी करने के लिए मां से मांग थे रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहनिया। चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकंदरपुर गांव में रविवार की रात को एक बेटे ने गांजा पीने के लिए रुपये नहीं देने पर अपनी मां जफरून बेगम (60) की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब दूसरा बेटा कमरे पर पहुंच तो मां को मरा देख उसने इसकी सूचना पड़ोसियों को दी। घटना के बाद आनन फानन में उसका शव दफनाने के कोशिश की गई लेकिन सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चैनपुर थाना क्षेत्र के सिंकदरपुर गांव निवासी स्व. बनारसी की पत्नी जफरून बेगम (60) अपने तीन पुत्र गुड्डू, तस्लीम व मोइन के साथ रहती थी। जबकि उसे दो अन्य बेटे नईम और अमीन मां से अलग दूसरी जगह रहते थे। नईम को गांजा व शराब पीने की लत है। रविवार की रात नशे की लत पूरा करने के लिए नईम अपनी मां के घर गया। उस वक्त उसका भाई गुड्डू शौच के लिए गया था वहीं अन्य दो भाई भी कहीं गए हुए थे। घर पर कोई नहीं था। नशे की तलब पूरा करने के लिए नईम मां से पचास रुपये मांगने लगा। जिसपर मां ने रुपये देने से इंकार कर दिया। इस दौरान नईम को गुस्सा आ गया। इसके बाद उसने मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी और मौके से भाग गया। कुछ देर बार जब गुड्डू घर लौटा तो जमीन पर मां को खून से लथपथ पड़ा देख उसके होश उड़ गए। इसके बाद उसने इसकी सूचना पास पड़ोस में लोगों को दी। मां की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद सोमवार की भोर में लोगों की मदद से वह उसे दफनाने के लिए ले जा रहा था कि इस दौरान किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भभुआ स्थित सदर चिकित्सालय के लिए भेज दिया।