सकलडीहा विधानसभा के सपा विधायक प्रभु नारायण यादव ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पांच राज्यों में चुनाव बीतते ही केंद्र सरकार का महंगाई का एजेंडा शुरू हो गया है। बिजली और गैस सिलेंडर का संकट बढ़ गया है। इससे जनता परेशान है।
विधायक ने कहा कि इन दिनों पूरी व्यवस्था चरमरा गई है। दिन भर में कई बार लाइट कट रही है। बिजली विभाग पूरी तरह फेल है। पिछले 10 साल से बिजली के क्षेत्र में काम नहीं हुआ है। सब स्टेशन ओवरलोड हैं और तार टूट रहे हैं। बिजली के लिए हाहाकार मचा है। कहा कि खेती के लिए नहरों में पानी नहीं है। धान की नर्सरी डालने का समय आ गया है लेकिन नहरें बेपानी हैं। नदियों में पानी ही नहीं है कि पंप कैनाल चल सके। यह सरकार पूरी तरह किसानों, नौजवानों और बेरोजगारों के विरोध में है। पेपर लीक पर विधायक ने गंभीर आरोप लगाए। सरकार खुद पर्चा लीक करवा रही है। अभी तक पेपर आउट करने वालों के खिलाफ कहीं बुलडोजर नहीं चला है। यदि सख्ती हुई होती तो पर्चा लीक नहीं होता। सरकार के एजेंडे में है कि डेट डालो, परीक्षा घोषित करो और फिर पेपर आउट कर दो। इससे युवा परेशान हैं, आंदोलन कर रहे हैं और लाठी खा रहे हैं। आरोप लगाया कि सरकार जनता को परेशान कर बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचा रही है। प्रदेश में सपा की सरकार बनने के बाद युवाओं के साथ न्याय होगा।