Chandauli News: स्वप्निल केसरी के खिलाफ थाना मुगलसराय में कोडीन कफ सिरप की तस्करी से जुड़े दो प्राथमिकी दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार के मामले में बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार में पहले से पकड़े गए आरोपी स्वप्निल केसरी की करीब 3.5 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त कर दिया। इसमें चार जगहों की जमीन और दो जगहों के मकान शामिल हैं।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार स्वप्निल केसरी के खिलाफ थाना मुगलसराय में कोडीन कफ सिरप की तस्करी से जुड़े दो प्राथमिकी दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। इसके अलावा वाराणसी और सोनभद्र में भी उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे चल रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि लंबे समय से वह नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त में शामिल था और उसी गैरकानूनी कारोबार से उसने कई मकान और भूखंड खरीदे। आरोपी ने तीन फर्जी फर्मों के माध्यम से कोडीन युक्त कफ सिरप का व्यापार किया था। मुगलसराय कोतवाली में दर्ज दो मुकदमों की जांच के दौरान चंदासी के कृष्णा नगर कॉलोनी निवासी स्वप्नील केशरी का नाम सामने आया।
क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर विमलेश कुमार मौर्य की जांच रिपोर्ट के अनुसार आरोपी ने अन्य लोगों के नाम पर तीन फर्म- सिंह मेडिकोज, एसपी फार्मा तथा एक अन्य फर्म खोल रखी थीं। जांच के दौरान यह पुष्टि हुई कि इन फर्मों के जरिए केवल कोडीन युक्त कफ सिरप का ही कारोबार किया जा रहा था। करीब एक माह पूर्व पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी क्रम में रविवार को उसकी छह संपत्तियों को जब्त किया गया। आगे कुर्की की भी कार्रवाई की जाएगी।