68 दिन बाद स्पेशल बनकर स्टेशन पर पहुंची श्रमजीवी एक्सप्रेस
यात्री स्पेशल ट्रेनों का शुरू हुआ संचालन, यात्रा करने वालों को राहत
लंबे समय बाद घर पहुंचने की यात्रियों में उत्सुकता
संवाद न्यूज एजेंसी
सचित्र-
पीडीडीयू नगर। कोविड-19 की वजह से 25 मार्च से बंद यात्री ट्रेनों का संचालन सोमवार से शुरू हुआ। 68 दिन पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर श्रमजीवी एक्सप्रेस स्पेशल बनकर पहली ट्रेन के रूप में पहुंची। इसमें यहां 88 यात्री सवार हुए। इसी तरह अन्य ट्रेनों में भी आठ सौ से अधिक यात्री सवार हुए। स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने के लिए यात्रियों को डेढ़ घंटे पहले पहुंचना था लेकिन स्टेशन पर दो से तीन घंटा पहले ही पहुंच गए। राजधानी, सुपरफास्ट और एक्सप्रेस ट्रेनों का नाम और नंबर वही रहेगा लेकिन उन्हें स्पेशल ट्रेन के रूप में रेलवे चला रही है। रेलवे इसे ट्रायल के रूप में चला रहा है। बाद मेंपूर्व की तरह ट्रेनों को चलाने की तैयारी है।
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से 25 मार्च से यात्री ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया। इससे लोग जहां तहां फंस गए। एक मई से श्रमिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ लेकिन आम यात्रियों को इसका लाभ नहीं मिला। रेलवे ने 12 मई से 15 जोड़ी एसी यात्री स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया। राजधानी ट्रेनों की तर्ज पर चल रही इन ट्रेनों में फिलहाल छह जोड़ी ट्रेनें पहले से स्थानीय स्टेशन से होकर गुजर रही है। इसका किराया अत्यंत महंगा होने की वजह से आम लोगों को फायदा नहीं पहुंच रहा है। इसी बीच एक जून से दो सौ स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया। इसमें राजधानी सहित 22 जोड़ी ट्रेनों का ठहराव स्थानीय स्टेशन पर दिय गया। इसके लिए 22 मई से आरक्षण काउंटर भी खोल दिया गया। इसके बाद लोगों ने रिजर्वेशन करा लिया। पहले दिन सोमवार को स्थानीय रेलवे स्टेशन पर श्रमजीवी एक्सप्रेस पहुंची। दोपहर ढाई बजे आई ट्रेन में सवार होने के लिए यात्री दोपहर 12 बजे से ही पहुंचने लगे थे। यहां थर्मल स्क्रीनिंग, टिकट चेकिंग के बाद प्लेटफार्म पर प्रवेश की अनुमति दी गई। टिकट चेकिंग और थर्मल स्क्रीनिंग के लिए जनरल टिकट काउंटर पर व्यवस्था की गई। टिकट काउंटर के पास सैनिटाइजर रखा हुआ था और आरपीएफ और वाणिज्य विभाग के कर्मचारी यात्रियों को जांच काउंटर भेज देते। यहां जांच पड़ताल के बाद यात्रियों को अंदर जाने देते। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर आरपीएफ और वाणिज्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी डटे रहे।
02. डीआरएम ने स्टेशन पर पहुंच कर व्यवस्था का लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
सचित्र-
पीडीडीयू नगर। यात्री ट्रेनों के संचालन के पहले दिन मंडल रेल प्रबंधक पंकज सक्सेना ने अधिकारियों की टीम के साथ स्टेशन पर पहुंच कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोपहर में डेढ़ बजे पहुंचे डीआरएम ने थर्मल स्क्रीनिंग, टिकट चेकिंग काउंटर आदि पर पहुंच कर देखा। इस दौरान अधिकारियों से जांच केंद्रों पर पोस्टर लगाने, सोशल डिस्टेसिंग का अनुपालन कराने आदि का निर्देश दिया।
इस दौरान आरक्षण काउंटर पर एक दूसरे से सटकर खड़े यात्रियों को देखकर नाराजगी जताई और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने को कहा। इसके बाद उन्होंने पोर्टिको में पहुंच कर आरक्षण कराने वाले यात्रियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए चिह्नांकन कराया। वहीं रेलवे प्लेटफार्म पर जाने के लिए और उतरने के लिए अलग अलग व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। कहा कि किसी हाल में किसी को कोई दिक्कत न हो इसके लिए विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। निरीक्षण के दौरान वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक रूपेश कुमार, वरीय मंडल अभियंता मुख्यालय अशोक कुमार, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष मिश्र, मंडल सुरक्षा आयुक्त त्रिपुरेश कुमार अग्रहरि, सीएसजी अशोक अनिल, डिप्टी एसएस कमर्शियल एनएन प्रसाद, आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार रहे।
03. यात्रियों के चेहरे पर दिखी वापस लौटने की खुशी
संवाद न्यूज एजेंसी
सचित्र-पीडीडीयू नगर। दो माह से अधिक समय बाद जब ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ तो नई व्यवस्था के तहत ट्रेनों में यात्रा करने के लिए यात्रियों के आंखों में अलग चमक दिखी। अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए यात्री स्थानीय रेलवे स्टेशन पर दो से तीन घंटे पहले ही पहुंच गए थे। यात्री रेलवे और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी गाइड लाइन का पालन करते हुए दिखे।
पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर से सटे पटपरा निवासी आर्मी के जवान देवी दयाल दिल्ली जाने श्रमजीवी एक्सप्रेस में सवार होने स्थानीय रेलवे स्टेशन पर पहुंचे थे। बताया कि वे छूट्टी पर आए थे लेकिन लॉकडाउन लागू होने के बाद फंस गए। प्रीतमपुर चंदौली निवासी अवनीश ने बताया कि वह दिल्ली में काम करता है। घर आते ही लॉकडाउन लग गया और फंस गया। जैसे ही ट्रेनों के चलने की घोषणा हुई। ऑनलाइन रिजर्वेशन करा लिया। बताया कि यहां पहुंचते ही व्यवस्था बदली नजर आई। हालांकि खुशी है कि वे दिल्ली जा रहे हैं। मिर्जापुर निवासी तेतरा देवी अपनी पति के साथ लखनऊ जेाने के लिए स्टेशन पर पहुंची थी। बताया कि इतना दिन कैसे बीता, बता नहीं सकती। कहा कि रेलवे को और पहले ट्रेनों का संचालन शुरू करना चाहिए था। इसी तरह नगर के लाठ नंबर दो निवासी और लखनऊ जाने के लिए स्टेशन पहुंची कविता ने बताया कि स्टेशन की पूरी व्यवस्था बदली नजर आ रही है।
04. श्रमिक स्पेशल ट्रेनों में पानी और भोजन की आपूर्ति जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सचित्र-
पीडीडीयू नगर। लॉकडाउन के दौरान विभिन्न राज्यों में फंसे श्रमिकों को घर तक पहुंचाने के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन जारी है। वहीं पं. दीन दयाल उपाध्याय जं स्टेशन से गुजरने वाली श्रमिक स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों को भोजन के साथ पानी की दो बोतल का वितरण लगातार किया जा रहा है। वहीं रेलवे अब बच्चों को दूध और बिस्कूट भी वितरित किया जा रहा है। मंडल से गुजरने वाली सभी श्रमिक स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों को भोजन पानी मिले इसका ध्यान रखा जा रहा है और खाने की गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि श्रमिक स्पेशल ट्रेन के यात्रियों को भोजन व पानी की आपूर्ति में कोई कमी न हो।