पीडीडीयू नगर के छिमियां कंपोजिट विद्यालय में वॉलीबाल खेलते खिलाड़ी। संवाद
पीडीडीयू नगर। क्षेत्र के छिमियां स्थित कंपोजिट विद्यालय में शनिवार को खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न स्पर्धाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेता खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश सिंह ने किया। उच्च प्राथमिक वर्ग की कबड्डी बालक प्रतियोगिता में प्रदीप नरवाल ग्रुप ए विजेता तथा मिल्खा सिंह ग्रुप बी उपविजेता रहा। बालिका वर्ग में हिमा दास ग्रुप ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि पी.टी. ऊषा ग्रुप उपविजेता रहा।
उच्च प्राथमिक बालक वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में आदित्य राणा ग्रुप ए विजेता और कोहली ग्रुप उपविजेता रहा। एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 100 मीटर एवं 200 मीटर बालक दौड़ में अमर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 100 मीटर में शैलेष और 200 मीटर में मनीष द्वितीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग की 100 एवं 200 मीटर दौड़ में नीशु प्रथम तथा 100 मीटर में छाया और 200 मीटर में प्राची द्वितीय स्थान पर रहीं। लंबी कूद बालक वर्ग में सतीश पटेल प्रथम और शैलेष द्वितीय रहे।
प्राथमिक वर्ग की कबड्डी बालक प्रतियोगिता में रोहित शर्मा ग्रुप विजेता तथा सिराज ग्रुप उपविजेता रहा। प्रतियोगिता के समापन पर प्रधानाध्यापक ने सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षक मनोज कुमार तिवारी, रवि पांडेय, निधि सिंह, धीरज सिंह, अनुराधा यादव, समिंता चौहान तथा खेल शिक्षक प्रमोद कुमार नवीन आदि मौजूद रहे।