पीडीडीयू नगर। लॉकडाउन समाप्त होने के बाद बाजार में धीरे धीरे रौनक बढ़ रही है। हालांकि अभी भी रोस्टर व्यवस्था दुकानदारों को परेशान कर रही है। दुकानदार वाराणसी की तर्ज पर पटरी के हिसाब से दुकान खोलने की मांग कर रहे हैं। हालांकि दुकानदार सुरक्षा के साथ दुकानदारी कर रहे हैं। जहां ग्राहकों को दूर से सामान दिखा रहे हैं, वहीं ग्राहकों से सैनिटाइजर का प्रयोग भी करा रहे।
लॉकडाउन के बाद एक जून से बाजार पूरी तरह खोल दिए गए। हालांकि बाजार में भीड़ न हो इसके लिए सेगमेंट के हिसाब से दुकान खोलने की व्यवस्था की गई। इसके तहत किराना, सब्जी, फल, मिठाई, कृषि उपकरण, मैकेनिकल, कृषि उपकरण की दुकानें रोजाना खुलेगी। वहीं बुधवार, शुक्रवार और रविवार को बिल्डिंग मैटेरियल, आयरन, हाडवेयर, इलेक्ट्रानिक, कंप्यूटर, मोबाइल, चश्मा, घड़ी आदि की दुकानें खुलेगी जबकि मंगलवार को सर्राफा, फर्नीचर, कपड़े, कास्मेटिक, जूते चप्पल, खेल कूद आदि का सामान की दुकानें खुल रही है। दुकानों पर दूर से ही ग्राहकों को सामान दिखाया जा रहा। साथ ही अंदर घुसते ही ग्राहको के हाथों को सैनिटाइज भी कराया जा रहा। ज्वेलरी, मोबाइल और इलेक्ट्रानिक आइटम के दुकानदार तो नकदी के बजाए आनलाइन पेमेंट को तवज्जो दे रहे हैं। ज्वेलरी के दुकानदार सुभाष चंद्र, इलेक्ट्रानिक व्यवसायी संता सिंह ने बताया कि सुरक्षा के साथ व्यवसाय जरूरी है।
पीडीडीयू नगर। बाजार खुल रहे हैं लेकिन अभी रोस्टर के हिसाब से खुल रही है। इससे दुकानदारों को नुकसान हो रहा है। दुकानदार सुरक्षा के साथ सभी दुकानों को खोलने की मांग कर रहे हैं। दुकानदारों की माने तो वाराणसी की तर्ज पर पटरीवाइज दुकानें खुले। एक दिन दायी पटरी और दूसरे दिन बायीं पटरी की सभी दुकानें खुलने से सुरक्षा और व्यवसाय एक साथ चलेगा।
स्वर्ण व्यवसायी राजीव सेठ कहते हैं कि बाजार तो खुला है लेकिन बाजार में भीड़ नहीं पहुंच रही है। ग्राहक कनफ्यूज हो जा रहे हैं कि किसी दिन किस चीज की दुकान खुलेगी। यदि पटरी व्यवस्था लागू कर दी जाए तो ग्राहक आसानी से बाजार पहुंचेंगे। इलेक्ट्रानिक्स विक्रेता निजाम बाबू ने कहा कि दुकानदारों ने सुरक्षा के इंतजाम कर लिए हैं। अब ग्राहकों का इंतजार है। यदि प्रतिदिन दुकान खोलने की इजाजत मिलेगी तो दुकानदारी में कुछ जान आएगी। मोबाइल विक्रेता राजकुमार ने कहा कि वर्तमान में मोबाइल, इलेक्ट्रानिक आदि की दुकानें सप्ताह में तीन दिन खुल रही है। अब कोई ग्राहक सिर्फ मोबाइल खरीदने तो बाजार में आएगा नहीं। यदि एक पटरी की सभी दुकानें खुलेगी तो ग्राहकों को आसानी होगी और वे बाजार में पहुुंचेगे। इससे व्यवसाय में इजाफा हो सकता है। वर्तमान में बाजार में जीटी रोड की दोनो पटरी पर लोग दिखते हैं लेकिन दुकान पर ग्राहक नहीं। एक पटरी की दुकानें खुलने से सिर्फ एक पटरी पर भीड़ होगी और दूसरी पटरी पूरी तरह खाली रहेगी। इसी तरह कपड़ा व्यवसायी जवाहर लाल ने कहा कि एक दिन सड़क की दायीं पटरी और दूसरे दिन बायी पटरी की दुकानें खुलने से सभी को आसानी होगी।