चंदौली। अमर शहीद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, शहीद गांव में बृहस्पतिवार को जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें शहीद गांव और नगर पालिका इंटर कॉलेज का दबदबा रहा।
प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रधानाचार्य मोतीलाल और चयनकर्ता किशोर कुमार ने किया। प्रतियोगिता के यू-19 बालक वर्ग में अमर शहीद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, शहीदगांव की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब हासिल किया। वहीं यू-17 बालक वर्ग में नगर पालिका इंटर कॉलेज की टीम विजेता रही। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के समापन के बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं। इस दौरान पूर्व मंडलीय क्रीड़ा सचिव राकेश सिंह, जनपदीय क्रीड़ा सचिव अरुण कुमार, विद्यालय के खेल शिक्षक हरीश श्रीवास्तव, संतोष कुमार, अमरेंद्र कुमार सिंह, मेजर बिहारी लाल आदि मौजूद रहे।