धानापुर कस्बा स्थित शहीद स्थल के नवनिर्माण व उसके सुंदरीकरण का रास्ता साफ हो गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंच कर शहीद स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान शहीद स्मारक समिति के लोगों के साथ सैयदराजा विधायक भी मौजूद रहे।
शुक्रवार को दिन में लगभग 11 बजे डीएम सुरेन्द्र विक्रम, एसपी अमित वर्मा, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के एक्सईएन आरके सचान, जेई अवधेश चौहान, सीओ सकलडीहा श्यामदेव बिंद आदि थाना भवन स्थित शहीद स्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने शहीद स्मारक स्थल के जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण के बारे में स्मारक समिति के सदस्यों और विधायक से विचार विमर्श किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने थाना परिसर मे उस स्थान पर जहां सोलह अगस्त 1942 को क्रांतिकारियों ने शहादत दी थी, खूबसूरत पार्क बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने मौजूदा शहीद पार्क के सुंदरीकरण की सख्त हिदायत एक्सईएन आरईएस को दी। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि जितना जल्दी हो सके आर्किटेक्ट के जरिये बनवाए गए नक्शे के आधार पर निर्माण कार्य पूरा कराया जाए। क्षेत्रीय विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि फिलवक्त इस कार्य के लिए सवा करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। कार्य के दौरान आवश्यकता पड़ने पर और धन की व्यवस्था की जाएगी। इस प्रस्तावित निर्माण के बाबत स्थानीय शहीद स्मारक समिति के अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों के साथ विधायक एवं अधिकारियों ने घंटों तक सलाह मशविरा किया।