फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandauli News: तीन सड़कों पर छह महीने से बह रहा सीवर, 50 घरों में सालभर से भरा गंदा पानी

विज्ञापन
पड़ाव के चौरहट डोमरी मार्ग पर जमा सीवर। संवाद
विज्ञापन
पड़ाव। क्षेत्र के कई प्रमुख मार्गों पर जलभवराव की समस्या लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। कहीं छह महीने से सीवर का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है तो कहीं 50 घरों में एक साल से गंदा पानी भरा है। इससे लोगों का आना-जाना और अपने घरों में रहना दूभर हो गया है। गंदगी और दुर्गंध से लोग बेहाल हैं। साथ ही संक्रामक बीमारियां फैलने की चिंता सता रही है।
विज्ञापन

जलीलपुर में रेलवे से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) नहीं मिलने के कारण नाला निर्माण अधर में लटका है। इसके लिए करीब 70 लाख रुपये की निधि उपलब्ध होने के बावजूद काम पूरा नहीं हो सका। दूसरी ओर चौरहट-डोमरी और सेमरा-डोमरी मार्ग पर भी महीनों से गंदा पानी बह रहा है। इन रास्तों से 10 गांवों के 40 हजार से अधिक लोग और 25 से ज्यादा स्कूलों के दो हजार से अधिक बच्चे रोजाना आवागमन करते हैं। सीवर, संकरी सड़कें और गड्ढे लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं, लेकिन स्थायी समाधान का इंतजार खत्म नहीं हो रहा है।

केस-1

70 लाख की निधि, फिर भी जलीलपुर में नहीं बना नाला
नियामताबाद विकासखंड की ग्राम पंचायत जलीलपुर की नई बस्ती में जलनिकासी की समस्या गंभीर बनी हुई है। यहां करीब एक साल से गलियों और 50 घरों में गंदा पानी भरा है। बदबू और गंदगी से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों की शिकायत है कि जलभराव के बावजूद दवा का छिड़काव तक नहीं कराया जा रहा है। तत्कालीन भाजपा सांसद महेंद्र नाथ पांडेय ने नाला निर्माण के लिए 70 लाख रुपये स्वीकृत कराए थे। इसमें विधायक रमेश जायसवाल ने भी अपनी निधि से पांच लाख रुपये दिए थे। निर्माण कार्य शुरू हुआ, लेकिन रेलवे की एनओसी नहीं मिलने का हवाला देकर काम रुकवा दिया गया। इसके बाद से परियोजना अधर में है। जलनिकासी की समस्या को लेकर ग्रामीण लोकसभा चुनाव के बहिष्कार के साथ कई बार धरना-प्रदर्शन भी कर चुके हैं।
विज्ञापन

केस-2
-
चौरहट-डोमरी मार्ग पर छह महीने से बह रहा सीवर
पड़ाव-रामनगर मार्ग से डोमरी जाने वाले चौरहट-डोमरी मार्ग की चौड़ाई करीब 15 फीट है। चौरहट गांव में प्रवेश करते ही घरों का गंदा पानी सड़क पर बहता दिखाई देता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब छह महीने से यही स्थिति बनी हुई है। सड़क पर सीवर का पानी जमा होने से पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी होती है। संकरी सड़क होने के कारण दो बड़े वाहनों का एक साथ निकलना भी मुश्किल है।
केस-3

सेमरा-डोमरी मार्ग पर गंदगी और कीचड़ से परेशानी
सेमरा-डोमरी मार्ग का चंदौली जिले की सीमा में आने वाला करीब 500 मीटर हिस्सा 15 फीट से भी कम चौड़ा है। इस मार्ग पर प्रवेश करते ही करीब 200 मीटर तक सीवर का पानी सड़क पर बहता मिलता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक वर्ष से जलनिकासी की समस्या बनी हुई है। सड़क पर बहता गंदा पानी आसपास की दुकानों तक पहुंचता है। पानी से बचने के लिए डाली गई मिट्टी के कारण रास्ते पर कीचड़ फैल गया है। इससे राहगीरों और दुकानदारों दोनों को परेशानी हो रही है।

इनसेट-
-
राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित गांव में जलभराव
जलीलपुर ग्राम पंचायत को 2024 में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके बावजूद गांव की नई बस्ती के लाइन पार क्षेत्र में करीब एक साल से जलनिकासी की समस्या बनी हुई है। 50 घरों में गंदा पानी घुसने से ग्रामीण परेशान हैं। नाला निर्माण के लिए 70 लाख रुपये की निधि उपलब्ध होने के बावजूद रेलवे की एनओसी के कारण काम रुका है। ग्रामीणों का कहना है कि पुरस्कार से गांव की पहचान तो बनी, लेकिन बुनियादी समस्या का समाधान अब तक नहीं हुआ।

लोग बोले-
-
- एक साल से घरों और गलियों में गंदा पानी भरा है। कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। - नीसार अहमद, जलीलपुर
- घर के आसपास गंदा पानी जमा होने से बदबू के कारण रहना मुश्किल हो गया है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और बीमारी फैलने का डर बना रहता है। आखिर कब इस समस्या से निजात मिलेगी? -गुलाबी देवी, जलीलपुर
- नाले का निर्माण शुरू होने के बाद रेलवे की एनओसी के नाम पर काम बंद हो गया। एक साल से लोग गंदगी के बीच रहने को मजबूर हैं। कोई अधिकारी हमारी परेशानी देखने तक नहीं आता। -शमा परवीन, जलीलपुर
- नाले के लिए 70 लाख रुपये की निधि स्वीकृत होने की जानकारी है, फिर भी जलनिकासी का इंतजाम नहीं हो सका। कई बार धरना-प्रदर्शन और शिकायत के बाद भी हालात नहीं बदले। अब ग्रामीण अपनी समस्या लेकर आखिर किसके पास जाएं? -लल्लन, जलीलपुर

कोट-
-
जलीलपुर, चौरहट और सेमरा मार्ग पर पानी निकासी की समस्या दूर कराने के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा। संबंधित समस्या का जल्द से जल्द समाधान कराया जाएगा। - अविनाश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी

पड़ाव के चौरहट डोमरी मार्ग पर जमा सीवर। संवाद

पड़ाव के चौरहट डोमरी मार्ग पर जमा सीवर। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें