चकिया। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की ओर से जारी एमए संस्कृत विषय की टॉप टेन मेधावियों की सूची में चकिया के सावित्रीबाई फुले राजकीय पीजी कॉलेज की सात छात्राओं ने जगह बनाई है। पहले से तीसरे स्थान तक भी कॉलेज की छात्राओं का दबदबा है।
महाविद्यालय की छात्र आंचल ने प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक पक्का कर लिया है। वहीं, दूसरे स्थान पर सेजल सैनी का नाम है, जिसे रजत और तीसरे स्थान पर आकांक्षा मौर्या को कांस्य पदक मिलेगा। इनके अलावा सूची में चौथे स्थान पर आंचल तिवारी, छठे पर सबिता कुमारी, नौवें पर तनु जायसवाल और दशवें स्थान पर मंजू मौर्या का नाम है। काशी विद्यापीठ में आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में इन मेधावियों को पदक और पदाधियां दी जाएंगी। प्राचार्य प्रो. संगीता सिन्हा ने मेधावी छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह आप सभी के निरंतर अध्ययन, अनुशासन और प्राध्यापकों के उचित दिशानिर्देश का परिणाम है। संस्कृत विभाग के अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार, सहायक प्रोफेसर डॉ. कलावती और डॉ. अमिता सिंह ने भी मेधावी छात्राओं को बधाई दी।