नियामताबाद। पीडीडीयू नगर तहसील के बसिला गांव के लेखपाल सुशील कुमार को कार्य में लापरवाही व लोगों से दुर्व्यवहार के आरोप में एसडीएम विजय नारायण सिंह ने बुधवार को निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई से लेखपालों में हड़कंप मचा रहा।
पीडीडीयू नगर एसडीएम विजय नारायण सिंह ने बताया कि लेखपाल सुशील कुमार का कार्य क्षेत्र बसीला, नसीरपुर व डेवढ़ील गांव था। लेखपाल के खिलाफ तीनों गांव के प्रधान व ग्रामीणों ने शिकायत किया कि लेखपाल लोगों की समस्याओं का निराकरण नहीं करता है। साथ ही उनका आचरण जनप्रतिनिधियों व नागरिकों के प्रति ठीक नहीं है। बताया कि लेखपाल के कार्य के प्रति लापरवाही का आलम यह है कि उसने अपने कार्यकाल में किसी भी गांव का वरासत नहीं किया। वहीं नसीरपुर गांव के रूद्रदेव सिंह पुत्र स्वर्गीय उदय नारायण सिंह ने लिखित शिकायत भी की थी। आरोप लगाया था कि लेखपाल वरासत मृतक के पुत्र के नाम पर न करके मृतक के भाइयों के नाम पर कर दी थी। शिकायतों के बाबत एसडीएम ने नायब तहसीलदार से प्रकरण की जांच कराई। जिसमें सभी शिकायतें सही पाई गई। इसके बाद एसडीएम ने तत्काल प्रभाव से लेखपाल सुशील कुमार को निलंबित कर दिया। एसडीएम की उक्त कार्रवाई से लेखपालों में हड़कंप मचा रहा।