पीडीडीयू नगर। राजकीय और एडेड माध्यमिक स्कूलों में इस वर्ष बुद्ध पूर्णिमा का अवकाश बढ़ाया गया है। इन स्कूलों में 12 मई को बुद्ध पूर्णिमा की छुट्टी रहेगी। वर्ष 2025 की छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया गया है। माध्यमिक स्कूलों में 21 से 30 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। अवकाश, ग्रीष्मावकाश और रविवार की कुल 119 छुटिट्यां रहेंगी। जो बीते वर्ष की तुलना में एक दिन अधिक है।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की 24 फरवरी से शुरू हो रहीं परीक्षाएं 12 दिनों में होंगी। वहीं 234 दिन पढ़ाई होगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने बताया कि एक जनवरी से 31 दिसंबर 2025 तक के अवकाश का कैलेंडर जारी कर दिया गया है। पहले की ही तरह विशेष परिस्थितियों में स्थानीय आवश्यकता के अनुसार प्रधानाचार्य व प्रधानाध्यापक के विवेकाधीन तीन दिन का अवकाश रहेगा। जिसकी सूचना विद्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने के साथ ही डीआईओएस को देनी होगी। महिला शिक्षकों को करवा चौथ का अवकाश दिया जाएगा। ऐसे ही क्षेत्र विशेष में हरि तालिका तीज अथवा हरियाली तीज, संकठा चतुर्थी, हलषष्ठी अथवा ललई छठ, जीउतिया व्रत और अहोई अष्टमी का व्रत रखने वाली महिला शिक्षकों को प्रधानाचार्य उनके प्रार्थना पत्र के आधार पर इनमें से कोई दो अवकाश देंगे। राष्ट्रीय पर्वों पर विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महापुरुषों के साथ-साथ स्वाधीनता आंदोलन के क्रांतिकारियों एवं प्रसिद्ध समाज सुधारकों के जन्म दिवस पर विद्यालयों में कम से कम एक घंटे गोष्ठी व सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। रविवार या किसी अन्य अवकाश होने की स्थिति में उसके अगले दिन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।