पीडीडीयू नगर। सावन में झारखंड के बाबा बैजनाथ धाम जाने वाले कांवड़ियों की सुविधा के लिए रेलवे ने अतिरिक्त उपाय किए हैं। इसके तहत चार जोड़ी ट्रेनों का ठहराव सुल्तानगंज में किया जाएगा। वहीं राजधानी, दुरंतों और वंदेभारत सहित कुछ अन्य ट्रेनों को छोड़कर सभी प्रमुख ट्रेनें सावन महीने में जसीडीह में पांच मिनट के लिए रुकेंगी।
सावन महीने में पूर्वांचल से बड़ी संख्या में कांवड़ लेकर भक्त ट्रेनों से सुल्तानगंज जाते हैं। यहां से गंगा से कांवड़ में जल लेकर 105 किमी पैदल चलते हुए बाबा बैजनाथ के धाम पहुंचते हैं। वहीं विभिन्न ट्रेनों से यात्री हावड़ा, पटना, दिल्ली रूट पर जसीडीह पहुंचते हैं। यहां से सड़क और रेल मार्ग से बैजनाथ धाम पहुंचते हैं। कांवड़ियों की सुविधा को देखते हुए गया-कामाख्या एक्सप्रेस, यशवंतपुर-भागलपुर एक्सप्रेस, साप्ताहिक भागलपुर-अजमेर एक्सप्रेस और मालदा टाउन-आनंद विहार एक्सप्रेस का ठहराव सुल्तानगंज में किया गया है। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जन संपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि जसीडीह स्टेशन पर सावन मेला के दौरान हावड़ा-नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस, हावड़ा-पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस, देवघर-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस, हावड़ा-नई दिल्ली दूरंतो एक्सप्रेस दो मिनट के लिए ही जसीडीह स्टेशन पर रुकेगी। इसी तरह शालीमार-पटना एसी दूरंतो एक्सप्रेस, हावड़ा-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस, हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस, पटना-कोलकाता गरीब रथ एक्सप्रेस, मधुपुर-आनंद विहार हमसफर एक्सप्रेस, मधुपुर-आनंद विहार हमसफर एक्सप्रेस भी दो मिनट के लिए ही जसीडीह पर रुकेगी। इन ट्रेनों को छोड़कर जसीडीह स्टेशन पर पांच मिनट के लिए अन्य सभी मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें जसीडीह में रुकेंगी ।