बाबा जागेश्वरनाथ को अर्पित किया 251 किलो लड्डू
- फोटो : अमर उजाला
सावन मास की भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत उदाहरण उस समय देखने को मिला जब शिवभक्त संजीव पाठक ने बाबा जागेश्वरनाथ का श्रृंगार दो क्विंटल 51 किलो लड्डू से कराया।
चकिया के हेमितपुर स्थित यह प्राचीन शिवालय हर सावन में भक्तों की श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हो उठता है। संजीव पाठक द्वारा किए गए इस विशेष श्रृंगार ने भक्तों का मन मोह लिया। मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और चारों ओर हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ ही दूर-दराज से आए लोगों ने भी बाबा के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। सावन के इस पावन अवसर पर मंदिर में शिवपुराण पाठ, रुद्राभिषेक और भजन संध्या जैसे आयोजन भी चल रहे हैं।
सावन के पहले सोमवार पर बाबा जागेश्वरनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
सावन मास के पहले सोमवार को चकिया के हेमितपुर गांव स्थित प्रसिद्ध स्वयंभू बाबा जागेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह चार बजे से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से क्षेत्र गूंज उठा।
भक्त जलाभिषेक और रुद्राभिषेक के लिए दूर-दराज से गंगाजल लाकर बाबा को अर्पित कर रहे थे। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर परिसर और आसपास विशेष सुरक्षा व्यवस्था की थी। चकिया थानाध्यक्ष अतुल प्रजापति स्वयं मौके पर मौजूद रहे और श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन कराने में सहयोग कर रहे थे।श्रद्धालुओं ने बाबा से अपने जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।
महिला-पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग- सभी ने पूरे श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना की। मंदिर समिति द्वारा भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। स्थानीय प्रशासन, पुलिस व स्वयंसेवकों ने मिलकर व्यवस्था को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों ने बताया कि सावन के पहले सोमवार पर इस मंदिर में दर्शन मात्र से बाबा सभी मनोकामनाएं पूरी करते हैं।