पितृपक्ष के अंतिम दिन शनिवार को लोगों ने पिंडदान और तर्पण कर पितरों को तृप्त किया। इस दौरान गंगा तटों पर भीड़ उमड़ी रही। घरों में भी तर्पण कर ब्राह्मणों को भोजन कराया गया। इसके पूर्व कुत्ते, कौआ और गाय को भी भोजन दिया गया।
पीडीडीयू नगर के चतुर्भुजपुर निवासी पं. त्रिपुरारी मिश्र ने बताया कि आश्विन मास की कृष्ण पक्ष को पितृपक्ष के रूप में मान्यता मिली है। इस पक्ष में पितरों को याद किया जाता है और उन्हें तर्पण कर तृप्त किया जाता है। सगे संबंधियों की मृत्यु के तिथि के अनुसार उस दिन घर पर अथवा गंगा तट पर पहुंच कर पिंडदान और तर्पण करने का विधान है। पितृपक्ष के अंतिम दिन अमावस्या तिथि को ज्ञात, अज्ञात सभी पितरों के नाम से तर्पण और पिंडदान किया जाता है। मान्यता है कि पितृ तर्पण से पितर प्रसन्न होते हैं और सुख समृद्धि और शांति का आशीर्वाद देते हैं। शनिवार को अमावस्या तिथि पर सुबह से ही इसकी तैयारी शुरू हो गई थी। सुबह लोगों ने नाइयों के यहां पहुंच कर बाल मुंडवाए और घरों में परोहितों को बुलाकर मंत्रोच्चार के बीच पितरों के साथ ऋषियों और देवताओं को तर्पण कर पिंडदान किया। जौ, तिल, जल, कुश से तर्पण के बाद पितरों के नाम पर कपड़े, अन्न आदि का दान किया और ब्राह्मण भोज कराया। वहीं कुछ लोग गंगा तटों पर पहुंचे और पिंडदान किया। चहनियां संवाददाता के अनुसार पितृ विसर्जन के अवसर पर बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी गंगा तट पर हजारों लोगों ने अपने अपने पूर्वजों को विधि विधान से तर्पण किया। तर्पण का सिलसिला भोर से ही शुरू हो गया था। अत्यधिक भीड़ को देखते हुए यहां सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात रही। घाट पर और बाजारों में नाइयों से सिर मुंडन कराकर गंगा में स्नान के बाद घाट पर मौजूद ब्राह्मणों से पिंडदान कराई। वहीं घरों में पकवान बनाकर छतों पर पितरों के निमित्त निकाला गया। घाट पर भीड़ को देखते हुए भारी मात्रा में फोर्स व गंगा सेवा समिति के लोग तैनात रहे। पड़ाव संवाददाता के अनुसार स्थानीय अवधूत भगवान राम घाट पर भी तर्पण करने वालों की सुबह से भीड़ रही।