चकिया रोड स्थित एक लॉन में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते अतिथिगण। स्रोत:-जागरू
पीडीडीयू नगर। अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा की ओर से रविवार को चकिया रोड स्थित एक वाटिका में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती मनाई गई। अतिथियों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि सरदार सेना के संस्थापक एवं जनहित संकल्प पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आरएस पटेल ने कहा कि सरदार पटेल ने वकालत की पढ़ाई पूरी करने के बाद इंग्लैंड से बैरिस्टर की डिग्री हासिल की। महात्मा गांधी से प्रेरित होकर उन्होंने खेड़ा और बोरसद में किसानों को संगठित किया। वर्ष 1928 में बारदोली सत्याग्रह का नेतृत्व किया। इसकी सफलता के बाद उन्हें सरदार की उपाधि मिली।
संगठन के संयोजक एवं नगर पालिका परिषद के सभासद महेंद्र पटेल ने कहा कि सरदार पटेल ने नमक सत्याग्रह और भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। वरिष्ठ संयोजक एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दयाराम पटेल ने देश के प्रथम गृह मंत्री के रूप में शरणार्थियों के पुनर्वास और शांति बहाली में उनके योगदान को याद किया।
प्रोफेसर इंद्रजीत पटेल ने उन्हें धर्मनिरपेक्ष व्यक्तित्व और हिंदू-मुस्लिम एकता का समर्थक बताया। कार्यक्रम में मोहन पटेल, विनोद सिंह, नीरज कुमार, दिनेश पटेल, उमेश पटेल, एसबी सिंह और डीके सिन्हा मौजूद रहे। संचालन एसपी सिन्हा ने किया।