इलिया/धानापुर। कोरोना महामारी के संक्रमण को रोकने के लिए कार्यालयों व बाजारों को सैनिटाइज किए जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसके मद्देनजर रविवार को इलिया व धानापुर में कई स्थानों को सैनिटाइज किया गया। साथ ही लोगों को जागरूक करते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की सलाह दी गई।
इलिया में थाना कार्यालय व परिसर को सैनिटाइज किया गया। चकिया नगर पंचायत के कर्मियों ने अपने प्रयास से स्थानीय थाना कार्यालय व परिसर में दवा का छिड़काव किया। साथ ही ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कर्मियों ने कहा कि वैश्विक महामारी से बचाव के लिए लोग घरों से बाहर न निकलें। साथ ही लाकडाउन के नियमों का सख्ती सेपालन करें। वहीं धानापुर कस्बा स्थित हीरो मार्केट में समाजसेवी संगठनों ने चंदा लगाकर सैनिटाइजर का छिड़काव किया। इसके अलावा बाबा वीर बौरहवा चौराहा से लेकर रामलीला चबूतरे तक भी दवा का छिड़काव किया गया। इस मौके पर गौतम चौरसिया, पप्पू कुशवाहा, बंटी चौरसिया, टोनू चौरसिया, सीताराम कुशवाहा, चंदू केशरवानी, घूरे राइन, अन्नू वर्मा आदि मौजूद रहे।