सैयदराजा में सफाईकर्मियों की बात सुनते भाजपा विधायक सुशील सिंह। स्रोत:-जागरूक पाठक
सैयदराजा। नगर पंचायत में दो दिनों से चल रही सफाई कर्मियों की हड़ताल सोमवार को विधायक सुशील सिंह के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गई। सफाई कर्मियों ने विधायक के जनसंपर्क कार्यालय पहुंचकर दीपावली बोनस, वेतन कटौती, छुट्टी और अधिकारियों-कर्मचारियों के व्यवहार से जुड़ी समस्याएं उठाईं।
विधायक ने उनकी मांगों को जायज बताते हुए अधिशासी अधिकारी को समाधान कराने का निर्देश दिया। सोमवार को बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों ने विधायक से मुलाकात कर बताया कि मांगों पर सुनवाई नहीं होने के कारण उन्हें हड़ताल करनी पड़ी।
उन्होंने दिवाली बोनस दिलाने, वेतन से कटौती रोकने, नियमानुसार छुट्टी देने और सम्मानजनक व्यवहार किए जाने की मांग की। विधायक ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार को फोन कर कार्यालय बुलाया और कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द निस्तारण करने का निर्देश दिया।