सकलडीहा। 17 जुलाई को जनपद में आए मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से गायब सफाईकर्मी को निलंबित कर दिया गया। संजय कुमार मधुबनपुर-बहोरिकपुर में तैनात है। 17 जुलाई को ब्लॉक के सभी सफाईकर्मियों की एक दिन पहले ही जिला मुख्यालय पर ड्यूटी लगाई गई थी। इसमें से 12 सफाई कर्मी अनुपस्थित रहे, इन्हें नोटिस जारी किया गया। टिमिलपुर में तैनात नफीस अहमद के नोटिस का जवाब नहीं देने पर एडीओ पंचायत की रिपोर्ट पर निलंबन की संस्तुति की गई है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर 16 जुलाई को सभी सफाईकर्मियों को ड्यूटी मुख्यालय स्थित पाॅलिटेक्निक कॉलेज और कलेक्ट्रट में लगाई गई थी। इसमें से एक दर्जन सफाईकर्मी अनुपस्थित रहे। डीपीआरओ के निर्देश पर सभी अनुपस्थित सफाईकर्मियों को नोटिस जारी किया गया। इसमें से मधुबन के बहोरिकपुर में तैनात सफाईकर्मी संजय के नोटिस का जवाब देने से इन्कार करने पर डीपीआरओ नीरज सिन्हा ने तत्काल प्रभाव से 22 जुलाई को निलंबित कर दिया। वहीं टिमिलपुर में तैनात सफाईकर्मी नफीस अहमद की ओर से कोई जवाब नहीं देने पर डीपीआरओ के यहां निलंबन की संस्तुति भेजी गई है। एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बगैर सूचना दिए अनुपस्थित सभी कर्मियों को नोटिस दिया गया। कुछ लोगों ने संतोषजनक जवाब दिया जबकि कुछ लोगों की ओर से जवाब नहीं देने पर कार्रवाई की गई है। जिसमें एक सफाईकर्मी को निलंबित कर दिया गया।