स्वास्थ्य जांच कराने के लिए जिला अस्पताल में कतार में खड़े लोग
- फोटो : CHANDAULI
चंदौली। देश में कोविड-19 यानि कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। जिले के लिए राहत की बात है कि यहां अब तक हुई जांच में सभी रिपोर्ट निगेटिव मिली है। बुधवार को 25 संदिग्धों का सैंपल जांच के लिए वाराणसी भेजा गया। अब तक 616 संदिग्धों के नमूने जांच को लिए गए जिनमें 72 की रिपोर्ट आनी बाकी है। इसमें बुधवार की जांच के लिए भेजे गए 25 नमूने शामिल हैं। जबकि मंगलवार तक 544 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। ऐसे लोगों को क्वारंटीन में रखकर उनकी निगरानी की जा रही है।
जनपद में इन दिनों प्रवासी मजदूरों की घर वापसी तेजी से हो रही है। बुधवार को जिला अस्पताल में जांच के लिए सुबह से ही लोगों की लाइन लग रही है। जहां लगभग चार सौ लोगों की स्क्रींनिंग की गई और जांच के लिए 25 सैंपल वाराणसी भेजा गया। बाहर से आने वाले लोगों को अपने-अपने घरों पर खुद को क्वारंटीन रहने की हिदायत दी गई। वहीं आरोग्य सेतु एप काफी हद तक कारगर साबित हो रहा है। वहीं जनपद की सीमाओं पर चौकसी व थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई।