जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन करते शिक्षक, स्रोत सोशल मीडिया
- विसुंदरपुर के शिक्षकों और कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलने से हो रही परेशानी
मिर्जापुर। आदर्श इंटर कॉलेज विसुंदरपुर के अध्यापकों और कर्मचारियों ने तीन महीने से वेतन न मिलने पर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय का सोमवार को घेराव किया। मांग की कि उनके वेतन का अविलंब भुगतान किया जाए। वेतन दिसंबर से रोका गया है। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय न तो कारण स्पष्ट कर पा रहा है न वेतन भुगतान करा रहा है। शिक्षकों का कहना है कि विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य का जो प्रकरण लंबित था, उसका निराकरण जिला विद्यालय निरीक्षक के स्तर पर विचाराधीन है। जिला विद्यालय निरीक्षक के आदेश पर विद्यालय से तीन प्रकार के वेतन बिल पेश किए गए हैं। एक एनपीएस का, दूसरा जीपीएफ का और तीसरा पूर्व प्रधानाचार्य जयप्रकाश सरोज का। इसके बाद भी विद्यालय के कर्मचारियों और शिक्षकों का वेतन अभी तक नहीं दिया गया है।
शिक्षकों का कहना है कि सभी शिक्षक किसी न किसी बैंक से लोन लेकर घर आदि बनवाए हैं, इसकी किस्त बाधित होने पर बैंक की ओर से जुर्माना लगाया जा रहा है। इससे शिक्षकों और कर्मचारियों का नुकसान हो रहा है। घर में भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। शिक्षकों का कहना है यदि मांगे शीघ्र नहीं पूरी होती तो शिक्षक आमरण अनशन करने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री डॉ. रमा शंकर शुक्ल, अभिषेक कुमार द्विवेदी, रत्नेश कुमार सिंह, शिव प्रताप भारती, सुरेश कुमार पांडेय, उपेंद्र यादव, अजय कुमार, कपिल देव आदि थे।