डाला पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित धौठा टोला में सडक हादसे के बाद लगी भीड। स्ंवाद
डाला। स्थानीय चौकी क्षेत्र स्थित धौठा टोला में शनिवार की सायं एक सफारी के चपेट में आने से चार वर्षीय बिटिया गंभीर घायल हो जाने के बाद आक्रोशित लोगों ने सोमवार की सुबह डाला-सलईबनवा मार्ग को जाम कर दिया। सूचना पाकर पहुंचे डाला चौकी प्रभारी ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर करीब डेढ़ घंटे बाद जाम समाप्त कराया।
धौठा टोला निवासी धर्मवीर चौधरी की पुत्री अनन्या (4) घर के सामने डाला-सलईबनवा मार्ग पर एक सफारी गाड़ी ने धक्का मार दिया था। दुर्घटना के बाद लोगों ने डाला चौकी को तहरीर दी थी। डाला पुलिस पर कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने घटना के तीसरे दिन डाला-सलईबनवा मार्ग को जाम कर दिया। सैकड़ों की संख्या मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि वाहन निजी सीमेंट कंपनी से संबंधित है। इसलिए घटना के बाद न प्राथमिकी दर्ज हुआ, न वाहन पकड़ा गया और न ही घायल बच्ची का उपचार कराया जा रहा है। आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी ने आश्वासन दिया कि पूरे मार्ग पर लाइट, कैमरा और गति सीमा बोर्ड लगाया जाएगा। घटना में शामिल वाहन को चिह्नित कर लिया गया है। जल्दी ही कार्रवाई की जाएगी। जाम समाप्त करते हुए लोगों ने चेतावनी दी कि एक सप्ताह में मांगे पूरी नहीं होती तो कंपनी के गेट को जाम किया जाएगा। मौके पर पहुंचे चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता ने बताया कि घटना में शामिल वाहन को पकड़ा जा रहा है। घायल बच्ची का उपचार कराया जाएगा और मार्ग पर स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी कैमरा लगवाया जाएगा।