पीडीडीयू नगर के महमूदपुर मोड़ के पास सड़क पर गिराया गया गिट्टी। संवाद
पीडीडीयू नगर। शहर में छह महीने पहले बनकर तैयार हुई सिक्स लेन अतिक्रमण की भेंट चढ़ गई है। नई बस्ती और चंदासी में करीब एक किलोमीटर के दायरे में सड़क किनारे 12 जगहों पर बालू, गिट्टी और सीमेंट की दुकानें सज गई हैं। कहीं भवन निर्माण सामग्री सड़क पर तो कहीं सर्विस लेन और फुटपाथ तक फैली हुई है। वहीं, बची जगह पर भारी वाहनों के खड़े होने से जाम लगने के साथ हादसे का खतरा बना रहता है।
सर्विस लेन और फुटपाथ पर जगह-जगह बालू और गिट्टी के ढेर लगे होने के कारण पैदल चलने वालों को मुख्य सड़क का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण सामग्री उतारने और लादने के लिए भारी वाहन भी सड़क किनारे खड़े हो जाते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है और जाम की समस्या बढ़ जाती है।
सिक्स लेन के साथ सर्विस लेन बनाने का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना था, लेकिन यहां अवैध कारोबार हो रहा है। कुछ जगहों पर नाले के ऊपर बने फुटपाथ पर भी निर्माण सामग्री रख दी गई है। इससे पैदल चलने का भी रास्ता नहीं बचा है।
सड़क पर गिट्टियां बिखरी होने से दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बना रहता है। वहीं, सड़क पर बालू फैलने से वाहन चालकों को परेशानी होती है।
पीडीडीयू नगर के महमूदपुर मोड़ के पास सड़क पर गिराया गया गिट्टी। संवाद