कमालपुर। सकलडीहा अमड़ा मार्ग से निकली नौरंगाबाद खड़ान मार्ग पूरी तरह जर्जर हो गया है। इससे इस मार्ग से जुड़े आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। नाराज होकर हेतमपुर गांव के लोगों ने सोमवार को सड़क पर खड़े होकर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मार्ग की मरम्मत नहीं होती है तो आंदोलन किया जाएगा।
सकलडीहा अमड़ा मार्ग पर नौरंगाबाद से खड़ान तक लिंक रोड बनी है। 13 किलोमीटर लंबे मार्ग से हेतमपुर, इकबालपुर, कवई पहाड़पुर, खरिहिनिया, खड़ान, भदाहूं आदि गांव के लोग आवागमन करते हैं। पिछले दो वर्षों से इसकी मरम्मत न होने से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। लोगों ने आरोप लगाया कि एक तरफ तो सरकार गड्ढामुक्त सड़क का ढिंढोरा पीट रही है। दूसरी तरफ इस सड़क का कोई पुरसाहाल नहीं है। यह सड़क से धानापुर,शहीदगांव को भी जोड़ती है। कहा कि कई बार अधिकारियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों से भी सड़क मरम्मत की मांग की गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस संबंध में पीडब्लूडी के एक्सईएन देवेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि खराब सड़कों की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। इस सड़क में नौरंगाबाद से इकबालपुर तक सडक हमारे अधीन है। बाकी सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत है। प्रदर्शन करने वालों में अंगद, महेन्द्र गुप्ता, मनोज उपाध्याय, पंकज यादव, बच्चन यादव, विनोद, जिगर, सद्दाम, सुरेंद्र, नमन, सुल्तान, मो. कैश, सीताराम रहे।