पीडीडीयू नगर। डॉ. भीमराव आंबेडकर सेवा संस्था के सदस्यों ने नगर पालिका परिषद क्षेत्र के लाठ नंबर एक से लखमीपुर तक प्रस्तावित सड़क के निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन, नगर पालिका व पीडब्ल्यूडी की आपसी खींचतान के चलते सड़क का निर्माण एक साल से अधर में लटका हुआ है।
सदस्यों ने बताया कि नगर की करीब 29 सड़कों को बनवाने की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी को सौंपी गई है। वहीं निर्माण के लिए नगर पालिका प्रशासन को धन उपलब्ध कराया जाना है। संस्था के सदस्यों ने इस मामले में राज्यपाल को पत्र प्रेषित कर सड़क बनवाने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क बिल्कुल जर्जर हो चुकी है। मार्ग पर एक इंटर कॉलेज भी है जिसमें पढ़ने जाने वाले बच्चों को गड्ढों से भरी सड़क से होकर आना-जाना पड़ रहा है। उनके पत्र के जवाब में शासन की ओर से पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन से जवाब मांगा गया था। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राजेश कुमार ने बताया कि सड़क बनवाने के लिए जिला प्रशासन व नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी से धन की मांग की गई है। धनराशि उपलब्ध होने के बाद सड़क बनवा दी जाएगी।