सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के भोजापुर रेलवे क्रासिंग के समीप रविवार की भोर में किसी ट्रेन की चपेट में आने से 70 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड पर अंकित पता से परिजनों को सूचित किया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त बद्रीसाड़ा गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक लालमनी तिवारी के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घटना की जानकारी उनके परिवार में कोहराम मच गया।
बद्रीसाड़ा गांव निवासी लालमनी तिवारी बलुआ के खंडवारी परिषदीय विद्यालय से सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायर होने के बाद वे घर पर रहकर कक्षा एक से पांच तक के विद्यालय का संचालन कर रहे थे। रविवार को सुबह वे पैदल सकलडीहा की ओर जा रहे थे। भोजापुर रेलवे क्रासिंग के समीप किसी ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।