अलीनगर थाना क्षेत्र के कुछमन बाजार में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में परचून व्यवसायी रिशु सिंह (32) की करंट लगने से मौत हो गई। वह रोज की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने शटर उठाने के लिए हाथ लगाया, उसमें दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गए। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव और बाजार क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
कुछमन गांव निवासी रिशु सिंह बाजार में परचून की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। गुरुवार सुबह वह अपनी दुकान खोलने पहुंचे। बताया जा रहा है कि किसी तकनीकी खराबी के कारण दुकान के शटर में पहले से ही करंट प्रवाहित हो रहा था। अनजान रिशु ने जैसे ही शटर को हाथ लगाया, वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
आसपास के लोगों और परिजनों ने उन्हें तत्काल पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित एक निजी चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। रिशु सिंह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ला ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में शटर में करंट आने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि विद्युत प्रवाह किस कारण से हुआ।