रामनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित कार्यालय में बैठक में उपस्थित उद्यमी। स्रोत:-जागरूक पाठक
पीडीडीयू नगर। रामनगर औद्योगिक क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को उद्यमियों और पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों की बैठक हुई। उद्यमियों ने बिलिंग, मीटर, ट्रिपिंग, पोल और आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं गिनाईं।
मुख्य अभियंता प्रवेश कुमार ने अधिकारियों को 15 दिन में समस्याओं का निस्तारण करने का निर्देश दिया। साथ ही चेताया कि तय समय में समाधान नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई होगी।
बैठक में विजय सिंह ने मीटर में फेस मिसिंग के आधार पर करीब दो लाख रुपये का गलत असेसमेंट कर अर्थदंड लगाने की शिकायत की। मुख्य अभियंता ने इसे निस्तारित कर अर्थदंड समाप्त करने का आश्वासन दिया। केशव करवा ने सोलर की 46 हजार यूनिट का बिल में समायोजन नहीं होने की शिकायत की। अशोक सुलतानिया ने सिक्योरिटी राशि पर ब्याज नहीं मिलने और राशि बढ़ाए जाने का मुद्दा उठाया।
उद्यमियों ने कई माह से बिजली बिल नहीं मिलने, पुराने उपभोक्ता का नाम दर्ज रहने, खराब सिटी पीटी और मीटर की समस्याएं भी बताईं। अक्षत रोलर के उद्यमी ने 1600 केवीए कनेक्शन के बावजूद रोजाना करीब पांच बार ट्रिपिंग से उत्पादन प्रभावित होने की बात कही।
विजय केशरी ने फैक्टरी के सामने झुके पोल और ढीले तार से हादसे की आशंका जताई।
रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य ने दोनों औद्योगिक क्षेत्रों में 11 हजार वोल्ट के फीडर बढ़ाने, 400 केवीए के पांच नए ट्रांसफार्मर लगाने और 33 हजार वोल्ट की अलीनगर लाइन को आइसोलेटर के माध्यम से औद्योगिक क्षेत्र से जोड़ने का सुझाव दिया।
मुख्य अभियंता ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र से विभाग को महत्वपूर्ण राजस्व मिलता है। इसलिए उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए। हर माह औद्योगिक क्षेत्र में बैठक कर प्रगति की समीक्षा की जाएगी।