कोतवाली क्षेत्र के खड़ेहरा गांव में युवक को बुधवार को रात सोते समय किसी विषैली जंतु ने काट लिया। इससे वह अचेत हो गया। जानकारी होते ही आनन-फानन में परिजन उसे स्थानीय सीएचसी ले गए। यहां हालत खराब देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल भेज दिया। यहां भी हालत में सुधार न देख डाॅक्टरों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया जहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार की सुबह युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
गांव निवासी बेचन कन्नौजिया के तीन पुत्र रामविलास, रामवृक्ष और लालू कनौजिया है। भाइयों में सबसे छोटा लालू (24) इलेक्ट्रॉनिक मिस्त्री था। बुधवार को दुकान बंद कर खाना खाने के बाद घर पर सो रहा था। सोते समय किसी विषैले जंतु ने काट लिया। युवक के मुंह से झाग निकलते देख परिजन उसे अस्पताल ले गए। हालत गंभीर देख डाॅक्टरों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, जहां बृहस्पतिवार की सुबह उसकी मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक लालू को डेढ़ साल की पुत्री है। उसकी मौत से पत्नी आशा सहित परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था। ग्राम प्रधान दीनबंधु राजभर ने बताया कि घटना की सूचना लेखपाल धर्मेंद्र मौर्या को दे दी गई है।