पड़ाव। क्षेत्र में सिक्स लेन सड़क निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत शुरू हो गई है। इससे तीन गांवों के करीब 10 हजार लोगों को राहत मिलेगी। बीते चार महीनों से चल रही समस्या को अमर उजाला ने 25 फरवरी के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद जल निगम हरकत में आया और सोमवार सुबह जेसीबी मशीन से मरम्मत कार्य शुरू कराया गया।
विज्ञापन
जलीलपुर गांव के पास पुलिस चौकी के समीप स्थित ट्यूबवेल से आपूर्ति होने वाली मुख्य पाइपलाइन चार महीने पहले सिक्स लेन निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके चलते जलीलपुर, चौरहट, नई बस्ती और मढ़िया गांव की नई बस्ती के करीब 10 हजार लोगों को भारी जलसंकट झेलना पड़ रहा था। पीने, खाना बनाने और दैनिक जरूरतों के लिए लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा था।
अमर उजाला में समस्या को ‘आश्वासन के 20 दिन बाद भी क्षतिग्रस्त है पाइप’ शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। इसके बाद जल निगम के अधिशासी अभियंता अमित रघुवंशी ने मामले को गंभीरता से लिया। सोमवार सुबह जल निगम की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की खोदाई कर मरम्मत शुरू की। पाइपलाइन जोड़ने और लीकेज टेस्टिंग का कार्य पूरा होने के बाद जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।