रविवार को सदर ब्लाक परिसर में बाबा साहब डा. भीमराब अंबेडकर के
महापरिनिर्वाण दिवस पर समारोह का आयोजन कर उनको याद किया गया। अखिल भारतीय
अनुसूचित जाति-जनजाति कर्मचारी कल्याण एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित
कार्यक्रम में बुद्ध वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
इस
अवसर पर मुख्य अतिथि संतोष कुमार ने बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने
का आह्वान किया। कहा कि शिक्षा के द्वारा ही हम अपनी सभी समस्याओं का
समाधान पा सकते हैं।
अंबेडकर के विचार आधुनिक भारत को और सशक्त बनाने में
कारगर सिद्ध हो रहे हैं। गौरी शंकर प्रसाद ने कहा कि आज समाज को बांटने
वालों को भारत रत्न से नवाजा जा रहा है। अरुण कुमार ने कहा कि यह सदी बाबा
साहेब की सदी है। कहा कि यदि बाबा साहेब नहीं होते तो भारत की यह तस्वीर
नहीं होती।
कहा कि बौद्धों के शासनकाल में ही भारत सोने की चिड़िया कहलाया
था। लेकिन बाद में हमारे समाज की दुर्दशा शुरू हो गई। कहा कि प्रत्येक घर
में भारतीय संविधान की एक-एक प्रति अवश्य रखनी चाहिए। इस अवसर पर घनश्याम
प्रधान, विरेंद्र कुमार, डा. हरीश चंद्रा, गौतम आदि उपस्थित रहे।
अध्यक्षता शिवशरण राम ने किया।
और संचालन महेंद्र कुमार ने किया।