डीडीयू नगर। गणतंत्र दिवस को देखते हुए स्थानीय रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के उद्देश्य से रविवार को सुरक्षाकर्मियों ने दूसरे दिन भी विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान राजकीय रेलवे पुलिस व रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने डॉग स्क्वायड संग स्टेशन के चप्पे-चप्पे में घूमकर संदिग्धों की जांच पड़ताल की और लगेज की तलाशी ली।
आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार और जीआरपी निरीक्षक आरके सिंह के नेतृत्व में पूूरी टीम सर्कुलेटिंग एरिया और प्लेटफार्म पर गश्त करती रही। सुरक्षाकर्मियों ने यात्री ट्रेनों, पार्सल, टिकट बुकिग काउंटर, सर्कुलेटिंग एरिया व साइकिल स्टैंड पर डॉग स्क्वायड टीम के साथ जांच की। उन्होंने बताया पार्सल ट्रेनों की भी निगरानी की जा रही है। यात्रियों के साथ उनके लगेज को भी चेक किया जा रहा है। बाहर से आने वालों की पूरी जानकारी ली जा रही है। सर्कुलेटिंग एरिया व प्लेटफार्म पर अनावश्यक किसी को भी ठहरने नहीं दिया जा रहा है। यात्रियों को किसी लावारिस वस्तु को हाथ न लगाने और इसकी सूचना सुरक्षा कर्मियों को देने की अपील की गई है। बताया कि चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।