पीडीडीयू नगर। डाला छठ के मद्देनजर रेलवे की ओर से चलाई गईं स्पेशल ट्रेनों का समय निश्चित नहीं रह गया है। इनके कारण नियमित ट्रेनें भी लेट हो रही है। ऐसे में यात्री तो समय से स्टेशन पर पहुंच जा रहे हैं लेकिन ट्रेन लेट होने के कारण उन्हें इंतजार करना पड़ रहा है। रविवार को भी कई ट्रेनें लेट पहुंची।
चार दिवसीय डाला छठ के बाद लोग काम पर वापस लौटने लगे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेन चलाई है। ऐसे में पीडीडीयू जंक्शन पर यात्रियों की संख्या बढ गई है। वहीं यात्री ट्रेन पर सवार होने के लिए समय पर स्टेशन पहुंच रहे हैं। लेकिन यहां पहुंचने पर पता चल रहा है कि ट्रेन कई घंटे देरी से आएगी। ऐसे में यात्रियों को इंतजार करना पड़ रहा है।
रविवार को अप की ओर जाने वाली पूरी नई दिल्ली स्पेशल, गया आनंद विहार क्लोन स्पेशल एक घंटे लेट रही। इसी तरह दानापुर एसएमवीटी बंगलुरू स्पेशल डेढ़ घंटे, कोटा दानापुर स्पेशल पांच घंटे, भागलपुर आनंद विहार स्पेशल चार घंटे, मुजफ्फरपुर आनंद विहार स्पेशल एक् घंटे लेट रही। वहीं पुरुषेात्तम एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे, दानापुर रानी कमलापति स्पेशल साढ़े छह घंटे, मालदा टाउन नई दिल्ली स्पेशल ढाई घंटे देर से पीडीडीयू जंक्शन पर पहुंची।
इसी तरह डाउन की ओर जाने वाली कोटा पटना एक्सप्रेस तीन घंटे, दून एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, उपासना एक्सप्रेस चार घंटे, मुंबई हावड़ा मेल एक घंटे, धनबाद गोधरा स्पेशल ढाई घंटे, आनंद विहार दानापुर स्पेशल सात घंटे, नई दिल्ली भागलपुर स्पेशल पांच घंटे, पूरी ग्वालियर स्पेशल सात घंटे लेट रही।