चहनिया। बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी गंगा तट पर शवदाह करने आये ग्रामीणों से शुक्रवार को अग्निदाताओं के मनमाने रुपये मांगे जाने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिस पर बलुआ थाना प्रभारी राजीव सिंह ने घाट पर पहुंचकर अग्निदाताओं को रेट बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।
बलुआ गंगा तट पर दूर दराज से लोग शवदाह करने, आर-पार की माला चढ़ाने सहित पूजा पाठ भी करने आते हैं। घाट पर मौजूद अग्निदाताओं, लकड़ी बेचने वाले और मल्लाहों द्वारा मनमाने रूप से रुपये वसूलने का आरोप आए दिन लगता रहता है। शुक्रवार को शव दाह करने आये ग्रामीणों और अग्निदाताओं के बीच रुपयों को लेकर विवाद हो गया।
ग्रामीणों ने इसकी शिकायत बलुआ थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह से की। शिकायत के बाद बलुआ घाट पहुंचकर थाना प्रभारी ने मनमाना रेट लेने पर कार्रवाई की बात कही। वहीं रेट बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी उपजिलाधिकारी को दी।
वहीं समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने कहा कि जल्द ही इस मामले को लेकर घाट पर बैठक होगी । जैसे वाराणसी सहित अन्य जनपदों में रेट बोर्ड लगा है, वैसे यहां भी लगाया जाएगा। गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने कहा कि इसे लेकर पहले भीपूर्व में हुई घटना को उपजिलाधिकारी को सूचित किया गया था ।कहा कि जल्द ही गंगा सेवा समिति के पदाधिकारियों,अग्नि देने वालों, आरपार का माला चढ़ाने वाले मल्लाहों ,जिला पंचायतअधिकारी, बलुआ थाना प्रभारी संग बैठक कर घाट पर हर चीज का रेट तय कर उसका बोर्ड लगाया जाएगा।