धानापुर में आयोजित फुटबाल प्रतियोगिता में विजेता टीम। संवाद
- फोटो : Samvad
धानापुर। अमरवीर इंटर कॉलेज में आयोजित सलमान खान स्मृति सेवन साइड फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शनिवार को धानापुर और रामनगर के बीच खेला गया। इसमें रामनगर की टीम ने धानापुर को 5-2 से हराकर चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया।
मुख्य अतिथि समाजसेवी अबुल सैफ इनाम ने मैच का शुभारंभ किया। इसके बाद रोमांचक मुकाबले में रामनगर की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए धानापुर को 5-2 से पराजित किया। मैच के पहले हाफ में धानापुर के खिलाड़ी अमरजीत ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
दूसरे हाफ में रामनगर ने शानदार वापसी की। खिलाड़ी दिलशाद के बेहतरीन पास पर राजेश ने लगातार चार गोल दागकर टीम को मजबूत बढ़त दिला दी।
इसके बाद 38वें मिनट में अमन ने एक और गोल कर स्कोर 5-1 कर दिया। मैच के अंतिम चरण में धानापुर के खिलाड़ी फैसल ने शानदार गोल दागकर स्कोर 5-2 किया, लेकिन टीम हार टालने में सफल नहीं हो सकी। खेल समाप्त होने पर रामनगर ने 5-2 से मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम किया। राशिद खान ने रेफरी की भूमिका निभाई।