नियामताबाद। नवरात्र के आखिर समय में मौसम ने करवट ली है। शुक्रवार की रात जिले के कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे उमस भरी गर्मी से राहत तो लोगों को जरूर मिली लेकिन धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। तेज हवा और बारिश से खेत में जगह-जगह फसल लेट गई है। वहीं जिन खेतों में धान में अभी बाली निकल रही है और फूल आ रहे हैं वह हवा और बारिश से गिर जाएंगे। इससे पैदावार पर असर पड़ेगा।
शुक्रवार की रात पटनवा, नियामताबाद सहित जिले के अन्य इलाकों में हवा के साथ कहीं तेज तो कहीं हल्की बूंदबांदी हुई। इससे धान को नुकसान पहुंचा है। पटनवा और औद्योगिक क्षेत्र के समीप तेज बारिश से धान की फसल लेट गई है। वहीं नियामाबाद इलाके में हल्की बूंदाबांदी और तेज हवा से बाली के फूल गिरने से फसल को नुकसान हुआ है। मौसम के अचानक बदलाव से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई है। किसानों को चिंता सताने लगी है कि पिछले साल की तरह बारिश हो गई तो इस साल भी किसान बर्बाद हो जाएंगे।