पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल के स्टेशनों पर रेलवे 22 मई से प्लास्टिक के खिलाफ अभियान शुरू कर रहा है। विश्व पर्यावरण दिवस के मद्देनजर एक पखवाड़ा तक चलने वाले अभियान के दौरान विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक राजीव रंजन ने बताया कि अभियान के दौरान 22 से 24 मई तक रेलवे स्टेशनों पर पोस्टर, पंपलेट और डिजिटल माध्यम से स्टील और लंच बॉक्स के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। कर्मचारियों के लिए प्लास्टिक कचरा प्रबंधन पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इसी तरह से यात्रियों के लिए अपनी बोतल साथ लाएं अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 25 से 27 मई तक स्वच्छता अभियान, कचरा पृथक्करण डिब्बों की स्थापना और आईआरसीटीसी की ओर से बायोडिग्रेडेबल कैटलरी को बढ़ावा दिया जाएगा। इसी तरह से 28 से 30 मई को प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों की समीक्षा, विक्रेताओं की निगरानी, पानी रीफिल पॉइंट्स के निरीक्षण और नुक्कड़ नाटक आयोजित होंगे। इसके अलावा 31 मई से 2 जून तक प्रभात फेरी, चित्रकला, निबंध, क्विज प्रतियोगिताएं, पार्कों के रख-रखाव, बायो-टॉयलेट्स की निगरानी, प्राकृतिक उत्पादों और डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा दिया जाएगा। इसी तरह से 3 और 4 जून को वर्षा जल संचयन, जल पुनर्चक्रण, जल निकायों की सफाई और स्कूली बच्चों के साथ सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 5 जून को अभियान का समापन होगा।