पीडीडीयू नगर। सेना भर्ती के लिए लाई गई अग्निपथ योजना का विरोध रेलकर्मियों ने भी शुरू कर दिया है। बुधवार को ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के निर्णय और ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर रेलकर्मियों ने प्लांट डिपो कारखाना के समीप प्रदर्शन किया। इस दौरान इस योजना को वापस लेने की मांग करते हुए इसे युवाओं के लिए अहितकारी बताया।
इस मौके पर ईसीआरकेयू के केंद्रीय संगठन मंत्री बीबी पासवान ने कहा कि अग्निपथ योजना युवाओं के खिलाफ है। इससे युवाओं का भविष्य खराब होगा और उनकी कार्यकुशलता भी प्रभावित होगी। कहा कि इसी वजह से नौजवान पूरे देश में अग्निपथ योजना के विरोध में सड़कों पर हैं। कहा कि पहले सरकार ने किसानों के साथ खिलवाड़ किया अब नौजवानों के साथ खेल रही है। सरकार की हालत यह है कि जिसके हित के लिए कानून बनाती है उससे बात तक नहीं करती। कहा कि भारत के युवाओं के साथ धोखा और खिलवाड़ करने का केंद्र सरकार का कोई अधिकार नहीं है। इसके खिलाफ आवाज और बुलंद किया जाएगा। सभा में शाखा मंत्री सुल्तान अहमद ने कहा कि भारतीय रेलवे के सामने गंभीर चुनौतियां है। मसला चाहे रिक्त पदों का भरने का हो या फिर रिक्त पदों के सरेंडर का हो हर मुद्दे पर यूनियन गंभीर है। रेल बचाने की लड़ाई भी उसी ताकत से लड़नी होगी, इसीलिए आज खासकर युवाओं को संकल्प लेना होगा कि सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ हर कुर्बानी देने को तैयार रहेंगे और जीत हासिल करते तक संघर्ष करते रहेंगे। इस अवसर पर एके उपाध्याय, रामजी यादव, अशोक कुमार गुप्ता, केदारनाथ तिवारी, मोहन राम, बीबी सिंह, रामलाल, अनुज कुमार सिन्हा, अरविंद कुमार, रमेश कुमार श्रीवास्तव, संजय कुमार, विजय बहादुर प्रसाद सिंह, जीत बहादुर थापा ,कृष्णा साह, अमृतांशु प्रकाश, राकेश कुमार सिंह, ऋषिकेश यादव, असलम आरजू, महेश कुमार, करमजीत प्रसाद, संजय कुमार शर्मा, अमित अंथोनी मुर्मूरहे। अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष एसपी सिंह ने किया।