सैयदराजा। नगर के नेशनल इंटर कालेज में बने क्वारंटीन सेंटर में रविवार की रात पुलिस ने राजस्थान के एक युवक को क्वारंटीन किया। क्वारंटीन किया गया युवक ट्रक का सहचालक बताया गया है।
रविवार की रात क्षेत्र के लोकमनपुर गांव के ग्रामीणों ने एक अनजान युवक को घूमता देखा। संदेह होने पर ग्रामीणों ने 112 नंबर पर फ़ोन कर इसकी सूचना पुलिस को दी। मौक़े पर पहुंची पुलिस ने युवकको पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह हंडिया, जोधपुर, राजस्थान का रहने वाला है। कहा कि वह ट्रक पर सहचालक का कार्य करता है। जिस ट्रक पर वह कार्य करता है वह ट्रक खराब हो गया है। ट्रक के खराब होने के बाद चालक उसे उतराकर ट्रक को लेकर बिहार चला गया। उसकी आपबीती सुनने के बाद पुलिस ने उसको नेशनल इंटर कॉलेज में क्वारंटीन कर उसके घर वालों को सूचना दे दी है। क्वारंटीन सेंटर में पहले से जिले के नौ लोगों को रखा गया है। संवाद