चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के नौगढ़-धनकुंवारी मार्ग पर सोमवार की दोपहर 12 बजे बदमाशों ने पिस्टल के बट से सिर फोड़कर मुंशी प्रदीप यादव से डेढ़ लाख रुपये और सोने की चेन लूट लिए। चार बाइक से आए पांच बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया और भाग गए। मुंशी सोमवार को पुलिया निर्माण में कार्य कर रहे मजदूरों की मजदूरी और पोकलेन में डीजल भराने के लिए नकदी लिया था। घायल मुंशी का वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस जांच में जुटी है।
क्या है पूरा मामला
चंदौली के रामपुरवा जगदीश सराय निवासी प्रदीप कुमार यादव पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार के मुंशी हैं। धनकुंवारी के महादेवा में पुलिया निर्माण के लिए मजदूरों को मजदूरी देने और पोकलेन में डीजल के लिए पैसा लेकर पहुंचे। सोमवार की दोपहर में चार बाइक पर पांच लोग पहुंचे और मुंशी पर हमला कर दिया।
पिस्टल के बट से सिर पर घातक प्रहार किया, जिससे मुंशी का सिर फुट गया और वह वहीं गिर गया। इसके बाद बदमाश मुंशी के पास रखे डेढ़ लाख रुपये और सोने की चेन लूटकर भाग गए। सूचना पर चकरघट्टा की 112 पुलिस पहुंच गई और घायल मुंशी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद मुंशी को जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां से ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया।
इसे भी पढ़ें; यूपी में खाकी पर दाग: अवैध वसूली का विरोध पड़ा भारी, पुलिसकर्मियों पर टैंकर चालक को लात-घूसों से पीटने का आरोप
चकरघट्टा थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पहुंची और मामले की जांच की जा रही है। रुपये और चेन छीनने का आरोप है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।