ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में लावारिस तरीके से रखे जाने का
विरोध्ा किया और मुआवजे के लिए डीएम को बुलाने की मांग पर अड़ गए। सूचना
पाकर वहां पहुंचे सदर एसडीएम गिरीश कुमार के समझाने बुझाने पर डेढ़
घंटे बाद लोगों ने जाम खत्म कर दिया।
सेरूका गांव निवासी अनमोल
सिंह (14) की बुधवार की शाम सवैयां पट्टीदारी गांव के समीप सड़क दुर्घटना
में मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को जिला चिकित्सालय भेज दिया। परिवार के लोग
भी जिला चिकित्सालय पहुंचे। जहां पोस्टमार्टम हाउस के कर्मचारियों ने शव
को रख लिया और कहा कि गुरुवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम होगा।
सुबह लगभग
नौ बजे ग्रामीण और मृतक के पिता रामाज्ञा सिंह जब पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे
तो वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और शव
जमीन पर लावारिस हाल में पड़ा था।
शव की यह उपेक्षा देख ग्रामीण शव उठा
ले गए और भगवानपुर पुलिया के समीप शव को रखकर जाम लगा दिया। लोग डीएम को
मौके पर बुलाने और मृतक के परिवारवालों को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़
गए। सूचना मिलने के बाद सैयदराजा थानाध्यक्ष रामनिहोर मिश्र व सीओ सदर
राजेश तिवारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया। लेकिन ग्रामीण नहीं
माने। तब एसडीएम सदर गिरीश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे व मुआवजे का आश्वासन
देकर जाम खत्म कराया।