चंदौली के इलिया में ऑल इंडिया यूनाइटेड विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा की ओर से विश्वकर्मा पूजा पर 17 सितंबर को सार्वजनिक अवकाश की मांग करते हुए बुद्धि शुद्धि यज्ञ किया। शहाबगंज स्थित रामशाला परिसर में यज्ञ कर प्रदेश सरकार के हठधर्मिता वाली बुद्धि की शुद्धि की प्रार्थना की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार विश्वकर्मा ने कहा भगवान विश्वकर्मा को महापुरुष कर अपमानित तथा पूजा का अवकाश निरस्त करने वाली योगी सरकार की सद्बुद्धि के लिए देशभर के विश्वकर्मा मंदिरों में यज्ञ हवन कर प्रार्थना का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा संपूर्ण सनातन शास्त्रों में सृष्टि के सृजनहार देवता के रूप में पूजित भगवान विश्वकर्मा में आस्था रखने वाले सभी जाति धर्म वर्ग के करोड़ों लोगों के मन में सरकार के फैसले के खिलाफ जबरदस्त गुस्सा है। इस मौके पर विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सरकार की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ हवन किया गया।