धानापुर। बिजली कटौती से नाराज क्षेत्र के कई गांवों के ग्रामीणों ने रविवार को आवाजापुर स्थित विद्युत उपकेंद्र पर विद्युत विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। आपूर्ति में सुधार न किए जाने पर उन्होंने आंदोलन करने की चेतावनी दी।
ग्रामीणों का कहना था कि कई गांवों की बिजली आपूर्ति 48 घंटों से ठप है। कई बार विभाग के अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बाद भी आपूर्ति में सुधार नहीं किया जा रहा है। कहा कि इस समय खेती-किसानी का सीजन चल रहा है। ऐसे में मनमाने ढंग से की जा रही बिजली कटौती खेती में बाधक बन गई है। भाकियू युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनमन सिंह ने कहा कि गांव में खींचे गए विद्युत तार व लगाए गए इंसुलेटर काफी जर्जर व कमजोर हो गए हैं। इससे आए दिन कहीं न कहीं तार टूट कर गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है। कहा कि इस समय आठ से 10 घंटे बिजली कटौती हो रही है। शिकायत के बाद भी विभागीय अधिकारी व कर्मचारी आपूर्ति में सुधार करने के प्रति लापरवाह बने हुए हैं। उन्होंने आपूर्ति में सुधार न किए जाने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इस संबंध में सकलडीहा उपकेंद्र एसडीओ जनमेजय साहू ने बताया कि इनकमिंग फीडर में गड़बड़ी आने से परेशानी हो रही है। बरसात के कारण समस्या बढ़ गई है। विभागीय कर्मचारी आपूर्ति में सुधार करने में जुटे हुए हैं। फिलहाल धानापुर फीडर से जोड़कर सप्लाई की जा रही है। प्रदर्शन करने वालों में अंजनी तिवारी, अमित सिंह, पमपम दूबे, युगेंदर कुश्वाहा, नंद सिंह, ऋतिक राज सिंह आदि शामिल रहे।